ताजा खबर

अयोध्या में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, रेलिंग में घुसी कार; 67 साल की महिला की मौत, 3 घायल

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 19, 2026

अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग (एमबीसी) में जा घुसी। इस हादसे में 67 वर्षीय संध्या सिन्हा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना माइलस्टोन 84.70 के पास हुई। परिवार गाजियाबाद से बिहार के सिवान में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।

कार चला रहे सुनील कुमार सिन्हा (47) ने बताया कि परिवार सुबह करीब 5:30 बजे गाजियाबाद से निकला था। उनके चचेरे भाई विकास कुमार (38) आगे की सीट पर बैठे थे, जबकि मां संध्या सिन्हा और दूसरे चचेरे भाई शुभम कुमार (25) पीछे बैठे थे। सुनील के मुताबिक, अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गाड़ी रेलिंग से टकरा गई। उन्हें शक है कि किसी ट्रक के साइड मारने की वजह से कार अनियंत्रित हुई होगी।

यूपीडा की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने संध्या सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनील, विकास और शुभम के सिर में चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया गया।

परिवार गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है और बिहार के सिवान जिले के जगतपुर गांव में उनके चचेरे भाई का 21 नवंबर को तिलक और 24 नवंबर को शादी समारोह होना है। सभी लोग इन्हीं कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जा रहे थे। महिला की मौत की सूचना अस्पताल प्रशासन ने कुमारगंज पुलिस को दी। एनडीए चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि सभी घायल सिवान के नवीगंज थाना क्षेत्र स्थित जगतपुर गांव के रहने वाले हैं। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।


अयोध्या और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ayodhyavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.