ज़ी म्यूज़िक कंपनी ने बहुप्रशंसित फिल्म चिड़िया का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है। कैप्शन में लिखा गया, "चिड़िया – दो बच्चों की एक कवितामय यात्रा, एक सपना, और उस पर विश्वास की हिम्मत। दुनियाभर के फिल्म समारोहों में सराही गई यह फिल्म अब अपने देश में परवाज़ भरने को तैयार है। 30 मई 2025 को चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज़।" फिल्म बच्चों की मासूम इच्छाओं और अदृश्य संघर्षों को बड़े ही भावनात्मक अंदाज़ में प्रस्तुत करती है।
निर्देशक मेहरान अमरोही द्वारा निर्देशित यह फिल्म दो छोटे बच्चों की कहानी है, जो अपने सपनों को जिंदा रखने के लिए ज़िंदगी की चुपचाप लड़ाइयाँ लड़ते हैं। यह फिल्म न केवल उनके संघर्षों को दिखाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि उम्मीद और हौसले के साथ किसी भी बंदिश से आज़ादी पाई जा सकती है। चिड़िया एक ऐसी संवेदनशील फिल्म है जो दिल को छू लेने वाली कहानी और गहराई से भरे किरदारों के साथ दर्शकों को जोड़ती है।
फिल्म में विनय पाठक, अमृता सुभाष, इनामुलहक, बृजेन्द्र काला जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ स्वर कांबले और आयुष पाठक जैसे उभरते बाल कलाकार हैं। यह सभी मिलकर एक ऐसी कहानी को जीवंत करते हैं जो साधारण जीवन के बीच असाधारण भावनाओं को उजागर करती है। फिल्म का निर्माण स्माइली फिल्म्स और की-मीडिया वर्क्स द्वारा किया गया है और इसका वितरण रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा किया जा रहा है।
चिड़िया केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि हर उस बच्चे के सपने की कहानी है, जो सीमाओं और मुश्किलों के बावजूद उड़ना चाहता है। अपनी अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद अब यह फिल्म भारतीय दर्शकों के दिलों को छूने के लिए तैयार है। 30 मई को रिलीज़ हो रही इस फिल्म को ‘दिल से बनी सिनेमा’ के रूप में देखा जा रहा है, जो उम्मीद, मासूमियत और आत्म-विश्वास का खूबसूरत चित्रण है।
Check Out The Trailer:-