अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में कचहरी में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ बंदी दीपक कुमार आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे पूराकलंदर थाना क्षेत्र के ददेरा गांव से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कथित तौर पर टावर से तार चोरी करने का प्रयास कर रहा था। दीपक 20 अगस्त को अदालत में पेशी के दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था।
बंदी के फरार होने के बाद उसकी तलाश के लिए थाना कैंट, नगर कोतवाली और एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के मुताबिक, रविवार को पूराकलंदर पुलिस को दीपक के ददेरा गांव में होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कचहरी से भागने के बाद दीपक पैदल ही लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन-किन जगहों पर रहा और क्या किसी व्यक्ति ने उसे छिपने में मदद की थी। इस मामले में पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने दीपक की मदद करने के संदेह में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरार होने के बाद दीपक किन लोगों के संपर्क में था और उसने अलग-अलग जगहों पर कैसे ठिकाना बनाया।