अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी लगातार बढ़ रही है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज की मौसम वेधशाला के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 2.6 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि पिछले 24 घंटों में जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस बढ़ गई है। उनके अनुसार, अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती से जुड़े कार्य करें। जहां बारिश की संभावना हो, वहां खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था रखें और आवश्यकता होने पर ही सिंचाई करें। विभाग का कहना है कि बारिश होने से न सिर्फ उमस से राहत मिलेगी, बल्कि फसलों के लिए भी मौसम अनुकूल होगा।