ताजा खबर

चरखारी विधायक बने बस ड्राइवर, अयोध्या बस खुद चलाकर यात्रियों को लगाई आवाज

Photo Source : Google

Posted On:Friday, July 24, 2026

अयोध्या न्यूज डेस्क: महोबा के चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत गुरुवार को एक अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने चरखारी से अयोध्या धाम के लिए शुरू की गई सीधी रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद विधायक खुद बस की ड्राइविंग सीट पर बैठे और करीब 800 मीटर तक बस चलाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बस की खिड़की से हाथ बाहर निकालकर आवाज लगाई, "अयोध्या... अयोध्या... कोई यात्री है क्या?" बस में बैठे यात्रियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

चरखारी से अयोध्या धाम की दूरी करीब 372 किलोमीटर है और सड़क मार्ग से वहां पहुंचने में लगभग साढ़े सात घंटे का समय लगता है। राम मंदिर बनने के बाद क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए जाते हैं। इसी को देखते हुए विधायक लंबे समय से चरखारी से अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है।

बस चलाने के दौरान विधायक ने कहा, "मैं सिर्फ विधायक ही नहीं, बस और ठेला भी चला सकता हूं।" उन्होंने मौजूद अधिकारियों से बस की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग जिस बस से यात्रा करेंगे, उसकी सभी व्यवस्थाएं बेहतर होना सबसे जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहली बार बस चलाई, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के लिए खुद व्यवस्थाएं देखना जरूरी समझा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और चरखारी के श्रद्धालुओं को अब सीधे रामलला के दर्शन की सुविधा मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने इस बस सेवा के लिए प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का आभार जताते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और बुंदेलखंड को भी नई पहचान मिलेगी।

बृजभूषण राजपूत ने कहा कि भगवान राम के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उनके अनुसार, रामलला के धाम जाने वाली बस के लिए यात्रियों को आवाज देना उनके जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण था और यदि उन्हें भगवान की सेवा करने का अवसर मिलता है तो वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं।


अयोध्या और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ayodhyavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.