अयोध्या न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पछुआ हवाओं के तेज होने से कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से तीन–चार डिग्री तक नीचे आ गया है। मंगलवार को अयोध्या सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बरेली, कानपुर और बाराबंकी में भी पारा 6 से 7 डिग्री तक पहुँच गया।
मौसम विभाग भी साफ कह रहा है कि आने वाले तीन दिनों में दिन और रात, दोनों के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और गिरावट देखी जा सकती है। इतना ही नहीं, इस बार सर्दी पहले से ज्यादा तेज रहने के आसार जताए जा रहे हैं। वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह बताते हैं कि ला-नीना की कमजोर होने की स्थिति और हिंद महासागर के सामान्य प्रभाव से दिसंबर से फरवरी तक रातें ज्यादा ठंडी और दिन का तापमान भी कम रहेगा।
उत्तराखंड की बात करें तो यहां देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी में सुबह का तापमान 8 से 11 डिग्री के बीच रहा। जबकि मसूरी, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और चमोली में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री तक दर्ज किया गया। दिन में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन रात और सुबह की ठंड अभी भी लोगों को कंपा रही है।
हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में ताज़ी बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ताबो में तापमान पहली बार माइनस 8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि शिमला में भी इस सीजन का सबसे कम 5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पूरे प्रदेश में रात का तापमान आठ डिग्री से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिसे एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ लेकर आएगा।