अयोध्या न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के बाहर अचानक सीआरपीएफ की बख्तरबंद गाड़ियों का काफिला नजर आया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। टेढ़ी बाजार ओवर ब्रिज पर 17-18 गाड़ियों की लंबी कतार खड़ी थी, जिसे देखने के लिए राहगीरों की भीड़ लग गई और लोग फोटो-वीडियो बनाने लगे।
दरअसल, यह काफिला केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों का था, जो जम्मू-कश्मीर से असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। अयोध्या पहुंचने पर काफिले को कुछ देर के लिए रोका गया, जिसके बाद जवान गाड़ियों से उतरकर मंदिर पहुंचे और भगवान राम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले जवानों ने पूजा-अर्चना कर अपनी जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने की कामना की। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए खास बन गया, जहां सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आस्था की झलक भी देखने को मिली।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों के दौरान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सीआरपीएफ की तैनाती की जाती है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि असम में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दोनों राज्यों में मतगणना 4 मई को की जाएगी।