अयोध्या न्यूज डेस्क: विकासखंड मसौधा क्षेत्र के टोनिया मौजा स्थित काली पाण्डेय का पुरवा गांव में बदहाल नालियां ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। गांव की कई नालियां क्षतिग्रस्त होने के चलते गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे रास्ते कीचड़ से भर गए हैं और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नालियों की लंबे समय से सफाई और मरम्मत नहीं होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। गांव निवासी रामकुमार के अनुसार, सड़कों पर फैले कीचड़ की वजह से बच्चों, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय निवासी संतोष कुमार यादव ने बताया कि हल्की बारिश होते ही नालियों का पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण हरिराम, सुंदर, रामप्रकाश, अनंत राम और अवधेश कुमार समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द नालियों की मरम्मत और निर्माण कार्य कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश से पहले नालियों की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं। इस संबंध में ग्राम प्रधान काशीराम ने बताया कि नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।