अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के मया विकासखंड में मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। कई जगह धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी गन्ने की फसल जमीन पर गिर गई।
जिन किसानों ने गन्ने की फसल को गिरने से बचाने के लिए उसे बांधकर रखा था, उनकी मेहनत भी तेज हवा के आगे काम नहीं आई। वहीं, पककर तैयार हो चुकी धान की फसल भी बारिश के कारण प्रभावित हुई है। खेतों में पानी भरने से किसान धान की कटाई नहीं कर पा रहे हैं। न कंबाइन मशीन खेत में पहुंच पा रही है और न ही मजदूरों से कटाई कराना आसान है।
किसान पिंटू सिंह ने बताया कि उन्होंने एमसी-13 धान की अगेती किस्म लगाई थी। फसल अच्छी चल रही थी और अब कटाई का समय था, लेकिन अचानक बारिश और तेज हवा ने पूरी फसल खराब कर दी। उन्होंने बताया कि अगेती धान लगाने के पीछे मकसद अच्छी पैदावार लेने के बाद खेत में सरसों की बुवाई करना था, लेकिन अब बारिश ने पूरी योजना बिगाड़ दी।
हालांकि, देर से बोई गई धान की फसल के लिए यही बारिश राहत लेकर आई है। जिन खेतों में धान अभी पकने की स्थिति में नहीं पहुंचा है, वहां बारिश से फसल को फायदा मिलने की उम्मीद है। ऐसे में मया इलाके में बदला मौसम किसानों के लिए दो तरह की तस्वीर लेकर आया है—कहीं तैयार फसल बर्बादी की कगार पर है, तो कहीं यही बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।