अयोध्या न्यूज डेस्क: जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जोरियम गांव निवासी 45 वर्षीय संजय अग्रहरी मंगलवार को गांव के ही एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गए थे। शाम के समय वहां पिलर खड़ा करने का काम चल रहा था। मकान के पास से बिजली का तार गुजर रहा था, इसी दौरान लोहे की सरिया में करंट उतर आया और संजय उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संजय की चीख सुनकर अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह अचेत होकर गिर चुके थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी करके ही घर चलता था। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।