अयोध्या न्यूज डेस्क: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से प्रमुख धार्मिक शहरों वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए हवाई सेवाएं बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार से अनुरोध किया है। इस पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने पत्र के जरिए जानकारी दी कि देहरादून से फिलहाल 11 शहरों के लिए हर सप्ताह 254 राउंड-ट्रिप उड़ानें संचालित हो रही हैं।
इन उड़ानों के जरिए अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, शमशाबाद (हैदराबाद), जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू जैसे शहरों से कनेक्टिविटी बनी हुई है। ये सेवाएं IndiGo, Alliance Air, Air India और Air India Express जैसी प्रमुख एयरलाइनों द्वारा संचालित की जा रही हैं।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि देश का घरेलू विमानन क्षेत्र पूरी तरह से डीरेगुलेटेड है, जहां एयरलाइनों को अपने रूट और सेवाओं का चयन करने की स्वतंत्रता होती है। किसी भी नए रूट पर उड़ान शुरू करने या बढ़ाने का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस की व्यावसायिक व्यवहार्यता पर निर्भर करता है।
हालांकि राज्य सरकार के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नई या अतिरिक्त उड़ानों का प्रस्ताव सभी घरेलू एयरलाइनों को भेज दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार को लगातार बढ़ावा दे रही है। इन प्रस्तावित उड़ानों से श्रद्धालुओं को सीधे धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी और यात्रा समय में भी कमी आएगी।
राज्य सरकार का मानना है कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। अब सभी की नजर इस पर है कि एयरलाइंस इस प्रस्ताव पर कब और क्या निर्णय लेती हैं।