अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या जिले के रुदौली और मवई ब्लॉक परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे सात दिवसीय संकल्प सेतु शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र यादव ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के 70 लाभार्थियों को लाभ से जुड़े दस्तावेज दिए। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत 140 और बीबीजी राम जी योजना के तहत 120 जॉब कार्ड बांटे गए। मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के बारे में भी 170 लोगों को जानकारी दी गई।
शिविर में अलग-अलग विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। स्वास्थ्य विभाग ने 250 लोगों को दवाएं बांटीं, जबकि खाद्य एवं रसद विभाग ने 250 लाभार्थियों को गैस सुरक्षा, नए कनेक्शन लेने और गैस बुकिंग की प्रक्रिया समझाई। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, बिजली विभाग ने नए कनेक्शन लेने और खराब मीटर ठीक कराने की प्रक्रिया बताई।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंदों के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनका मकसद पात्र लोगों तक आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी मदद से वंचित न रहे।
शिविर के दौरान बाल विकास विभाग ने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया। समाज कल्याण विभाग ने ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया पूरी की। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता, तहसीलदार विजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान, जिला मंत्री तेज तिवारी, गन्ना समिति अध्यक्ष निर्मल शर्मा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर अध्यक्ष रामराज लोधी और कृषि प्राविधिक सहायक कात्यानी तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
सेवा सेतु के मंच से राजीव तिवारी ने किया चुनाव लड़ने का ऐलान
सेवा सेतु अभियान के समापन समारोह में बुधवार को राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। भाजपा जिला उपाध्यक्ष और मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी ने मंच से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उनके इस बयान के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई।
कार्यक्रम के दौरान खाद्य एवं रसद और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर राजीव तिवारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विभागों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए खंड विकास अधिकारी से संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखने को कहा। तिवारी ने यह भी कहा कि खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री उनके करीबी हैं और वह उनसे इस मामले की शिकायत करेंगे।