अयोध्या न्यूज डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस सप्ताह रामनगरी अयोध्या के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। आठ जनवरी को वह मिल्कीपुर के हैरिंग्टनगंज पलिया मैदान में भाजपा की जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में मुख्यमंत्री उपचुनाव को लेकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे।
सीएम योगी इस अवसर पर मिल्कीपुर की जनता को कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी दे सकते हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने इस दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री आठ जनवरी को मिल्कीपुर आएंगे। इसके बाद 11 जनवरी को वह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव में शामिल होंगे।
अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रामलला का पूजन करेंगे और आरती भी उतारेंगे। साथ ही, अंगद टीला पर एक सभा को संबोधित करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस कार्यक्रम की पुष्टि की है।
इस सप्ताह मुख्यमंत्री योगी का यह दूसरा अयोध्या दौरा होगा। इससे पहले, शनिवार को मुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया था और आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाग लिया था।
मुख्यमंत्री का यह दौरा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वह उपचुनावों के मद्देनजर पार्टी के पक्ष में जनता को जागरूक करने का प्रयास करेंगे।