अयोध्या न्यूज डेस्क: आठवें दीपोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। राम की पैड़ी पर दीप सजाने का कार्य लगभग समाप्त हो गया है। अब अयोध्या और पूरी दुनिया को इंतजार है सिर्फ 30 अक्टूबर की शाम का। इस दिन भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या एक और नया इतिहास रचने वाली है। इस अनोखे और दिव्य क्षण को देखने के लिए दुनियाभर के लोग भी इंतजार कर रहे हैं।
योगी सरकार के निर्देशों पर सूचना विभाग ने इस महा आयोजन के लाइव प्रसारण का प्रबंध किया है। नगर के हर कोने में दीपोत्सव की रौनक दिखाने के लिए एलईडी स्क्रीन और एलईडी वैन लगवाई जा रही हैं। इसके अलावा मीडिया कवरेज के लिए एक विशेष सेंटर भी तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में इस बार दीपोत्सव को और अधिक भव्य रूप देने की तैयारी हो रही है।
शहर की सड़कों को फूलों की मालाओं और खूबसूरत रोशनी से सजाया जा रहा है। दीपोत्सव के दिन राम की पैड़ी पर होने वाले सभी कार्यक्रमों को दूरदर्शन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाइव दिखाने की योजना है। ताकि अयोध्या के सभी लोग, चाहे जहां भी हों, इस भव्य आयोजन का आनंद ले सकें, इसके लिए 20 जगहों पर एलईडी वाल और 15 स्थानों पर एलईडी वैन की व्यवस्था की गई है।
योगी सरकार के निर्देश पर इस बार अयोध्या दीपोत्सव में डॉक्टर राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 30,000 स्वयंसेवक प्रत्येक दीया जलाकर पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। सोमवार शाम तक सरयू के 55 घाटों पर 28 लाख दीये लगाने का कार्य पूरा किया जा चुका था। इस कार्य में 30,000 वॉलंटियर्स की सहायता ली गई। आज, मंगलवार को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की 30 सदस्यीय टीम घाटों पर पहुंचकर दीयों की गिनती करेगी।
सूत्रों के अनुसार, पूरे अयोध्या में इस बार करीब 35 लाख से अधिक दीये जलाए जाने की संभावना है। साथ ही घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। बिना पहचान पत्र के वालंटियर्स और अन्य लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन ने 30 अक्टूबर की शाम को होने वाले दीपोत्सव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, ताकि इस साल का दीपोत्सव एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सके।