अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में दीपोत्सव का 8वां चरण इस साल 25 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएगा, जिससे त्रेतायुग का माहौल जीवंत करने का प्रयास होगा। पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सभी तैयारियों को तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दीपोत्सव-2024 को अविस्मरणीय और अलौकिक बनाने के लिए पूरी अयोध्या को सजाने और सवारने की योजना पर जोर दिया है। 28 से 30 अक्तूबर तक, रामायण के प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे, जो दीपोत्सव की शोभा में चार चांद लगाएंगे।
पर्यटन मंत्री ने दीपोत्सव-2024 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजन में आधुनिक तकनीक से सजे मंच और प्रदर्शनी होंगी। 10 बड़े सांस्कृतिक मंच त्रेतायुग की झलकियां प्रदर्शित करेंगे। मुख्य आयोजन 30 अक्टूबर को रामपथ, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट पर होगा।
इस अवसर पर रामायण आधारित झांकियां और सचल प्रदर्शन होंगे, जिसका शुभारंभ पर्यटन मंत्री करेंगे। अपराह्न 03 बजे राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य रामकथा पार्क में शोभायात्रा की झांकियों का अवलोकन करेंगे।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दीपोत्सव-2024 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजन में श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का हेलीकाप्टर से रामकथा पार्क में अवतरण होगा और भरत मिलाप का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्य आयोजन
- राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा श्रीराम जानकी का पूजन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक
- पर्यटन ऐप और कॉफी टेबल बुक का विमोचन
- गणमान्य अतिथियों का सम्मान
विशेष आयोजन
- सरयू आरती स्थल और नया घाट पर 1100 व्यक्तियों की संख्या में एक साथ सरयू आरती करने का गिनीज विश्व रिकार्ड बनाने का प्रयास
- राम की पैड़ी पर 25 लाख दीपों का एक साथ प्रज्ज्वलन कर विश्व रिकार्ड बनाने का प्रयास
- अयोध्या नगर क्षेत्र में अतिरिक्त 10 लाख दीपों का प्रज्वलन
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्यपाल और दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे और अपने विचार साझा करेंगे।