अयोध्या न्यूज डेस्क: रामनगरी अयोध्या में आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम को मजबूती देने के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) एक महत्वपूर्ण पहल कर रहा है। इस पहल के तहत प्रस्तावित वैदेही आर्ट गैलरी में श्रद्धालुओं को माता सीता के जीवन के हर पड़ाव को जीवंत रूप में देखने का अनुभव मिलेगा। बाल्यकाल से लेकर मिथिला प्रवास, श्रीराम से विवाह, अयोध्या आगमन, वनवास, लंका यात्रा और पुनः अयोध्या वापसी तक की कहानी आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी।
गैलरी केवल एक प्रदर्शनी स्थल नहीं होगी, बल्कि इसे एक एक्सपीरियंस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। श्रद्धालु यहां ऑडियो-विजुअल, डिजिटल पैनल, 3D प्रोजेक्शन और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से माता सीता के जीवन के प्रत्येक मोड़ को आत्मिक रूप से महसूस कर सकेंगे। हर दृश्य माता सीता की मर्यादा, सहनशीलता और नारी शक्ति को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गैलरी का निर्माण राम मंदिर के समीप वशिष्ठ भवन परिसर में किया जाएगा। यह दो मंजिला अत्याधुनिक भवन लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा, जिसमें वास्तुकला और आंतरिक संरचना इस तरह डिजाइन की जाएगी कि श्रद्धालु माता सीता के जीवन को क्रमबद्ध और सजीव रूप में अनुभव कर सकें।
इस परियोजना का उद्देश्य न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है, बल्कि माता सीता के आदर्श, त्याग और नारी सशक्तिकरण के संदेश को देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और युवाओं तक पहुंचाना भी है। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने बताया कि गैलरी के साथ माता सीता के जीवन पर आधारित एक विशेष फिल्म भी तैयार की जाएगी और प्रोजेक्ट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।